NEWSUttar Pradesh

आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। दिनांक 25 फरवरी 2026 को हैप्पी टावर, थाना क्षेत्र चमनगंज में आगामी त्योहारों—होलिका दहन, होली, ईद तथा पवित्र माह रमज़ान—के मद्देनज़र पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में थाना चमनगंज, बजरिया और सीसामऊ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों व कमेटी सदस्यों ने भाग लिया।

गोष्ठी पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ तथा थाना चमनगंज, बजरिया और सीसामऊ के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

बैठक में सभी से अपील की गई कि त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। होलिका दहन और होली के कार्यक्रम केवल निर्धारित स्थानों पर आयोजित करने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि से दूर रहने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग में निर्धारित मानकों व समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस-प्रशासन से समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया।

Related Articles

Back to top button