कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट पर बिखरी आस्था की रोशनी, दीपों से जगमगाए घाट


जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पत्नी रश्मि सिंह के साथ सरसैया घाट पर दीपदान किया और रंगोली बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कानपुर के विभिन्न घाटों पर भक्तों ने दीप जलाकर माँ गंगा और देवी-देवताओं का आह्वान किया। सरसैया घाट, गोला घाट, गंगा बैराज और बिठूर समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान व पूजन कर इस पावन पर्व को भक्ति भाव से मनाया।
मां गंगा के पवित्र घाटों पर जगमगाते दीप और मंत्रों की गूँज ने एक मंत्रमुग्ध कर देने वाला दृश्य प्रस्तुत किया। जल में तैरते दीपों की रोशनी ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने रंगोली सजाई और दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली का उत्सव उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया।

सरसैया घाट पर महिलाओं और छात्राओं ने रंगोली बनाकर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी पत्नी रश्मि सिंह के साथ दीपदान किया और रंगोली बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। समिति के महामंत्री प्रवीण कुमार शुक्ला और उपाध्यक्ष आशीष पांडेय समेत अन्य प्रमुख सदस्य भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर गंगा देव दीपावली समिति द्वारा घाटों पर विशेष आयोजन किया गया। इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर कार्यक्रम रखा गया, जिससे वीरों के बलिदान और साहस को याद किया गया। समिति के संयोजक एवं पूर्व पार्षद हरिओम पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सीएसजेएमयू के फैशन डिजाइन विभाग की छात्राओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर अपनी कला और सृजनशीलता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा जजवाला माता मंदिर में भी दीपोत्सव का आयोजन हुआ। श्याम नगर में बच्चों ने रंगोली सजाई और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख प्रचारक श्रीराम जी, चंद्र कुमार गंगवानी, शांति स्वरूप भटनागर, राम लक्ष्मण गुप्ता और विनय सिंह पटेल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



