AAP नेता सौरभ भारद्वाज का भाजपा पर पलटवार, बोले – “हमारे कार्यकर्ता और अरविंद केजरीवाल कर रहे हैं पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद”

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। पंजाब में आई बाढ़ को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच सियासी तकरार तेज हो गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया था कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़े होने के बजाय गुजरात में राजनीतिक दौरे पर हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को पलटवार किया।
भारद्वाज ने कहा कि संकट की घड़ी में आम आदमी पार्टी के विधायक और कार्यकर्ता पंजाब के लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी और हमारे कार्यकर्ता पंजाब के बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचा रहे हैं। भाजपा को उनकी सराहना करनी चाहिए, न कि आलोचना। दिल्ली में भाजपा की सरकार है, लेकिन मदद के लिए हमारे विधायक मैदान में उतरे हैं।”
उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि कोई भी नेता कहीं भी जा सकता है। “अगर वीरेंद्र सचदेवा जी को केजरीवाल जी की यात्राओं से दिक्कत है, तो यह उनकी संकीर्ण सोच है। भाजपा को उनसे सीख लेनी चाहिए।”
उधर, भाजपा का कहना है कि बाढ़ प्रभावित पंजाब को राज्य सरकार और नेताओं की पूरी सहायता की जरूरत है। सचदेवा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने के बावजूद केजरीवाल गुजरात चले गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब को 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
पंजाब में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 2,000 गांव प्रभावित हैं। लगभग चार लाख लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की 24 टीमें, एसडीआरएफ की दो टीमें और 144 नावें तैनात की गई हैं। राज्य सरकार ने राहत के लिए 71 करोड़ रुपये जारी किए हैं।



