HomeNEWSलखनऊ में ऑनर किलिंग: पिता ने दोस्त संग मिलकर बेटी की हत्या...

लखनऊ में ऑनर किलिंग: पिता ने दोस्त संग मिलकर बेटी की हत्या की

झाड़-फूंक के बहाने ले जाकर गला दबाया, पहचान छिपाने को चेहरे पर डाला तेजाब

  • शालिनी शर्मा

लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 वर्षीय वंदना चौबे की उसके पिता विजय कुमार चौबे ने अपने दोस्त अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता अपनी बेटी के एक लड़के से संपर्क में रहने से नाराज था।

पुलिस के मुताबिक, वंदना चिनहट के धावा इलाके की रहने वाली थी। साल 2025 में वह एक युवक के साथ घर से चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था। इसके बावजूद वह उसी युवक के संपर्क में बनी रही, जिससे नाराज होकर पिता ने साजिश रची।

कैसे दिया वारदात को अंजाम?
13 अप्रैल को आरोपी पिता ने किराए की कार ली और झाड़-फूंक के बहाने बेटी को बाराबंकी ले गया। रास्ते में एक ढाबे पर रुकने के बाद 14 अप्रैल को बड्डूपुर इलाके में शारदा नहर के पास पहुंचे। कार में सो रही वंदना का दोनों आरोपियों ने गला दबाकर हत्या कर दी।

बताया गया कि लड़की ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसका गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

पहचान छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंकने की योजना बनाई, लेकिन आसपास लोगों की मौजूदगी देखकर घबरा गए। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए वंदना के चेहरे पर तेजाब डाल दिया और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments