थाना अकबरपुर व रनियां में पुलिस कार्यशैली, जन व्यवहार और सोशल मीडिया नीति पर दी गई जानकारी
विवेक कुमार
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा थाना अकबरपुर एवं थाना रनियां का भ्रमण कर नवागंतुक रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया गया। इस दौरान उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस कार्यशैली, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
एसपी ने आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें तथा जनता के प्रति मृदुल और संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए व्यवहार कुशलता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पॉलिसी के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और विभागीय नियमों का पूर्ण पालन करें।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहने, अनुशासन बनाए रखने एवं पुलिस विभाग की गरिमा को बनाए रखने की सीख दी।


