HomeNEWSलोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर मातृ शक्ति सम्मेलन का भव्य...

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर मातृ शक्ति सम्मेलन का भव्य आयोजन

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में सामाजिक समरसता मंच के कार्यक्रम में उमड़ी मातृशक्ति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश से ओत-प्रोत रहा समारोह

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेना झाबर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य मातृ शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ट्विंकल द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ गायन रहा। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तुत इस भावपूर्ण गायन ने पूरे सभागार को राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

मुख्य वक्ता एवं अखिल भारतीय केंद्रीय टोली की महिला आयाम प्रमुख आशा श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता को राष्ट्र की शक्ति का मूल आधार बताते हुए कहा कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का भाव ही लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने मातृशक्ति से समरस समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय की सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. दिव्या तिवारी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन सेवा, सुशासन और त्याग की अनुपम मिसाल है। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन सामाजिक समरसता गतिविधि की विभाग प्रमुख एवं कानपुर महानगर महिला आयाम प्रमुख डॉ. आरती द्विवेदी ने किया। उनके प्रभावशाली और ऊर्जावान संचालन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। अवनि मिश्रा ने देवी स्तुति प्रस्तुत की, जबकि मान्यता प्रजापति ने अपने नृत्य के माध्यम से वीरांगना झांसी की रानी और लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन चरित्र को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दोनों प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जनों का परिचय प्रिया सैनी ने कराया, जबकि निशा सोनी ने भावपूर्ण गणगीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का सम्मान प्रांत महिला आयाम प्रमुख पूनम शुक्ला द्वारा शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। उन्होंने ही कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर भवानी भीख जी (प्रांत संघचालक), नरेंद्र जी (क्षेत्र सामाजिक समरसता संयोजक), डॉ. श्याम बाबू जी (विभाग संघचालक), तरुण जी (कानपुर दक्षिण जिला संयोजक), सुभाष जी (सहप्रांत संयोजक), धर्मेंद्र जी, मुकेश जी, श्वेता जी, निशा जी, प्रिया जी, सोनी जी, उमा जी, डॉ. अरुण जी एवं प्रियंका जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भीषण गर्मी के बावजूद सभागार में मातृशक्ति और नागरिकों की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments