बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्मार्ट मीटर और जनसमस्याओं के समाधान पर हुई विस्तृत चर्चा, स्मार्ट मीटर, जर्जर खंभों और अंडरग्राउंड फॉल्ट पर हुई चर्चा
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जिला विद्युत समिति (आरडीएसएस) की समीक्षा बैठक नवीन सभागार, सरसैया घाट में आयोजित की गई, जिसमें कानपुर लोकसभा सांसद रमेश अवस्थी ने सहभागिता करते हुए विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुचारु एवं जनहितकारी बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मिश्रिख लोकसभा सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।



बैठक के दौरान स्मार्ट मीटरों की तेज रीडिंग से संबंधित शिकायतों पर चर्चा करते हुए सुझाव दिया गया कि संदिग्ध मामलों में चेक मीटर के रूप में डिजिटल मीटर लगाए जाएं। साथ ही जर्जर, टूटे एवं निष्प्रयोज्य विद्युत खंभों को तत्काल बदलने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
सांसद ने टूटे हुए सी-पैनल एवं बी-पैनल को शीघ्र ठीक कराने तथा उचित ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा फॉल्ट रिपेयरिंग टीमों को ट्रॉली के स्थान पर वाहन उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया, जिससे विद्युत बाधाओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड विद्युत कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां मार्ग प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए तथा पुराने खंभों को हटाया जाए। अंडरग्राउंड फॉल्ट मरम्मत के लिए खोदी गई सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त नए विद्युत कनेक्शन के लिए क्षेत्रवार विशेष शिविर आयोजित करने तथा पेयजल टंकियों से संबंधित विद्युत फॉल्ट की अलग से निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से ही उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।


