गंग नहर तट पर श्रद्धालुओं को वितरित किया शीतल जल, यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
- आशा चौधरी
गाज़ियाबाद। नमामि गंगे टीम द्वारा गंग नहर तट पर श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए शीतल जल वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर सेवा कार्य का लाभ उठाया तथा मां गंगा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम में ट्रैफिक इंचार्ज श्री अजय यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

नमामि गंगे टीम के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को शीतल जल वितरित किया तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता से जुड़े संदेश भी दिए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर संचालन की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का समापन मां गंगा की भव्य आरती के साथ हुआ। गंगा आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नमामि गंगे टीम के सदस्यों ने कहा कि संस्था समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी और जनहित के ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।


