पं. राम प्रकाश त्रिपाठी की 18वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कार्यकर्ताओं के योगदान को किया सम्मानित
- कृष्णा कुमार
कन्नौज। प्रभारी जनपद कन्नौज एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने अपने कन्नौज प्रवास के दौरान छिबरामऊ के उधरनपुर स्थित विद्या प्रकाश महाविद्यालय में आयोजित जननायक श्रद्धेय स्वर्गीय पंडित राम प्रकाश त्रिपाठी की 18वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने स्वर्गीय पंडित राम प्रकाश त्रिपाठी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों, संघर्षपूर्ण जीवन एवं समाज के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पंडित राम प्रकाश त्रिपाठी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, संगठन एवं समाजहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत, विधायक अर्चना पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान और संगठनात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा, जहां उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय पंडित राम प्रकाश त्रिपाठी के आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।


