
सिविल लाइंस स्थित नए परिसर में आधुनिक तकनीक और विशेष टेक्निकल सेल के साथ मिलेगी त्वरित साइबर सहायता
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में कमिश्नरेट कानपुर ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साइबर थाने को नए भवन में स्थानांतरित कर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है। अब साइबर थाना सिविल लाइंस स्थित 112 कार्यालय परिसर (पुलिस ग्राउंड के सामने) से संचालित होगा, जहां आधुनिक तकनीक, उन्नत सॉफ्टवेयर और विशेष टेक्निकल सेल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नवनिर्मित साइबर थाने का निरीक्षण पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) संकल्प शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं और कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कमिश्नरेट के अनुसार, पूर्व में साइबर थाना रेलबाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन परिसर से संचालित होता था। बढ़ते साइबर अपराधों और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को देखते हुए इसे आधुनिक संसाधनों से लैस नए भवन में स्थानांतरित किया गया है, जिससे ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराध और अन्य साइबर मामलों की जांच अधिक तेज, वैज्ञानिक और प्रभावी ढंग से की जा सके।
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रीमती अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि नए साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम तैनात रहेगी। यहां साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल बैंकिंग अपराध और अन्य साइबर अपराधों की जांच नवीनतम तकनीक और उन्नत सॉफ्टवेयर की सहायता से समयबद्ध तरीके से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए साइबर थाने में सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर), प्रभारी निरीक्षक साइबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। इससे साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई की गति और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सकेगी।


