
प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर रोजगारपरक प्रशिक्षणों की जानकारी ली, संस्थान परिसर में किया वृक्षारोपण
- मोहित कुमार
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अग्रणी जिला प्रबंधक के साथ इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), महोबा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों से चर्चा करते हुए उन्हें प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं और युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है तथा इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक युवाओं को मोबाइल रिपेयर, इलेक्ट्रीशियन, एसी रिपेयर, बैम्बू प्रोडक्ट्स, अकाउंटेंसी सहित अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का रोस्टर तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने RSETI अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में जाकर युवाओं की रुचि एवं आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षणार्थियों के बैच तैयार किए जाएं और उनकी मांग के अनुरूप उपयोगी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्थानीय आवश्यकताओं से जोड़कर अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने संस्थान परिसर में वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, RSETI के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


