HomeNEWSडीएम की कलाई पर छात्राओं ने बांधी राखी, उपहार के साथ मिला...

डीएम की कलाई पर छात्राओं ने बांधी राखी, उपहार के साथ मिला सफलता का मंत्र

ऑक्सफोर्ड मॉडल स्कूल की छात्राओं व शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट में मनाया रक्षाबंधन, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बढ़ाया उत्साह

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं एवं शिक्षिकाएं कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचीं और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी। छात्राओं ने आरती उतारकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया और पढ़ाई, संस्कार एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इल्तिज़ा, अपूर्वा, सानिया, अवनी, अन्वी सहित अन्य छात्राओं ने एक-एक कर जिलाधिकारी को राखी बांधी। विद्यालय की शिक्षिकाओं अनुराधा, रीना एवं सुनीता सहित अन्य शिक्षिकाओं ने भी राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने वाला पर्व है। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं को समझने और उनसे जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करें। सफलता के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और संवेदनशीलता भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के साथ समाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए उन्हें अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया। छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भी रक्षाबंधन के इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments