HomeNEWSबीएनएसडी शिक्षा निकेतन में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

फ्लाइंग ऑफिसर राधाकृष्ण त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई पद एवं कर्तव्यों की शपथ

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बेनाझाबर, कानपुर में छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण छात्र मंत्रिपरिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण रहा।

मुख्य अतिथि फ्लाइंग ऑफिसर राधाकृष्ण त्रिपाठी (इंडियन एयर फोर्स) ने छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्र परिषद के संयोजक एवं सह-संयोजक को बैज प्रदान कर अलंकृत किया।

इस अवसर पर कक्षा नौ के छात्र भै. सक्षम गुप्ता द्वारा प्रस्तुत ‘शपथ लेना तो सरल है…!’ शीर्षक शपथ गीत ने समारोह को भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना दिया।

मुख्य अतिथि राधाकृष्ण त्रिपाठी ने छात्र परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने सैन्य जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समयबद्धता एवं दायित्वबोध जैसे मूल्य जीवन में बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल, लैपटॉप एवं सोशल मीडिया के अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए ‘डिजिटल फिटनेस’ के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में छात्र परिषद की संयोजक ब. आर्या सिंह ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रभावना से ओतप्रोत ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह, उप-प्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments