
मंटोरा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कल्याणपुर थाने पहुंचकर मनाया रक्षाबंधन, थाना प्रभारी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
हरिओम गुप्ता
कानपुर। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले कल्याणपुर थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भाव देखने को मिला। मंटोरा पब्लिक स्कूल की छात्राएं प्रधानाचार्य अनिला चंडक के साथ कल्याणपुर थाने पहुंचीं, जहां छात्राओं ने थाना प्रभारी केशव तिवारी की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
छात्राओं के थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। छात्राओं ने थाना प्रभारी को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। वहीं थाना प्रभारी केशव तिवारी ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस दौरान छात्राओं और पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। कुछ देर के लिए थाना परिसर का माहौल पारिवारिक और खुशनुमा नजर आया।
प्रधानाचार्य अनिला चंडक ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। पुलिसकर्मी भी समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए छात्राओं ने पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाने का निर्णय लिया।
थाना प्रभारी केशव तिवारी ने छात्राओं के इस स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
इस अवसर पर स्कूल की छात्राओं के साथ कल्याणपुर थाने के पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।


