HomeNEWSअजय कपूर के राखी महोत्सव में पहुंचीं संगीता बिजलानी

अजय कपूर के राखी महोत्सव में पहुंचीं संगीता बिजलानी

1,650 से अधिक बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, बॉलीवुड अभिनेत्री ने कहा—‘ऐसा अपनापन पहली बार देखा’

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। बहन फाउंडेशन के बैनर तले पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कपूर द्वारा आयोजित राखी महोत्सव के पांचवें दिन शहर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के पहुंचने से आयोजन में खास आकर्षण जुड़ गया। उन्होंने हजारों बहनों के स्नेह और अपनत्व को देखकर कहा कि खून के रिश्तों से परे विश्वास और आत्मीयता का ऐसा खूबसूरत रूप उन्होंने पहली बार देखा है।

राखी महोत्सव की शुरुआत सुबह गोविंद नगर स्थित संजय गेस्ट हाउस में हुई। सुबह से दोपहर तक करीब 1,650 से अधिक बहनों ने पहुंचकर अजय कपूर की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौजूद रहे।

शाम को सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर हॉल में दूसरे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां भाजपा की महिला पदाधिकारियों, महिला चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षिकाओं और समाजसेविकाओं ने अजय कपूर को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

संगीता बिजलानी ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम में पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने अजय कपूर के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारों बहनों का किसी नेता के प्रति ऐसा निस्वार्थ स्नेह देखना भावुक कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि रिश्ते केवल खून के नहीं होते, बल्कि विश्वास और आत्मीयता से भी बनते हैं और इस आयोजन में यह भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

‘यह राखी कलाई पर नहीं, दिल पर बंधी है’

बहनों से मिले स्नेह से भावुक अजय कपूर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल त्योहार नहीं, बल्कि जीवनभर साथ निभाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहन के मान-सम्मान और सुरक्षा के लिए खड़ा रहता है, उसी तरह वह भी अपनी हर बहन के सुख-दुख में साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “यह राखी मेरी कलाई पर नहीं, बल्कि मेरे दिल पर बंधी है।”

कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह और विजय कपूर ने भी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। देर शाम तक चले आयोजन में राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, पूनम कपूर, प्राचार्या नीरू टंडन, कमलावती सिंह समेत शहर की बड़ी संख्या में प्रबुद्ध महिलाएं मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments