सीएमओ कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी, 10 महीने के बच्चे को गोद में लेकर प्रदर्शन में पहुंची महिला कर्मचारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। वेतन भुगतान में देरी से नाराज कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) कर्मचारियों ने गुरुवार को रामादेवी स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिले के 10 ब्लॉकों से आए 70 से अधिक CHO कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर कार्यालय के बाहर हंगामा और नारेबाजी की। कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि प्रदेश के अन्य जिलों में CHO कर्मचारियों का वेतन जारी किया जा चुका है, जबकि कानपुर के 10 ब्लॉकों में तैनात कर्मचारियों को अभी तक भुगतान नहीं मिला है। कर्मचारियों ने इसे कानपुर के साथ भेदभाव बताते हुए तत्काल वेतन जारी करने की मांग की।
सीएमओ कार्यालय का घेराव, धरने की चेतावनी
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में CHO कर्मचारी रामादेवी स्थित CMO कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने कार्यालय का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना था कि जब तक उनके खातों में वेतन की राशि नहीं पहुंचती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान एक महिला CHO कर्मचारी अपने 10 महीने के बच्चे को गोद में लेकर धरने में शामिल हुई। इससे प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा हुई।

हर महीने की 5 तारीख तक भुगतान का दावा
कर्मचारियों का कहना है कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार उन्हें प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन मिल जाना चाहिए, लेकिन कानपुर में अक्सर वेतन के लिए महीने की 20 तारीख तक इंतजार करना पड़ता है। कर्मचारियों ने इस संबंध में लंबे समय से आ रही समस्या का समाधान कराने की मांग की।
सीएमओ से वार्ता के दौरान कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं, सीएमओ की ओर से कहा गया कि शासन से संबंधित पत्र प्राप्त होने के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आर्थिक संकट का हवाला
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस जमा करने में परेशानी हो रही है, जबकि मकान का किराया और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च उठाना भी मुश्किल हो रहा है। कुछ कर्मचारियों ने मकान मालिकों की ओर से किराया न देने पर घर खाली करने की धमकी मिलने की बात भी कही।
CHO कर्मचारियों ने शासन, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द वेतन भुगतान कराने की मांग की है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनके खातों में वेतन की राशि नहीं पहुंचती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


