NEWSUttar Pradesh

मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में सजा कवि सम्मेलन, देशभक्ति और हास्य से गूंजा मंच

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के प्रचार-प्रसार और उनके उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित लघु इकाइयों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत माँ शारदा की वंदना के साथ हुई।

राष्ट्रीय स्तर के कवि हेमन्त पाण्डेय ने राम-सीता प्रसंग पर आधारित अपनी भावपूर्ण रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। ओज कवि बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविता के माध्यम से देशसेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश दिया।

हास्य-व्यंग्यकार दुर्गा बाजपेई ने अपने चुटीले व्यंग्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। गीतकार नीरू श्रीवास्तव और धीरज सिंह ‘चंदन’ ने श्रृंगार और भावनात्मक रचनाओं से माहौल को मधुर बना दिया। वहीं वरिष्ठ गीतकार के०के० अग्निहोत्री की प्रभावशाली प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का संचालन एवं समापन सुरेश साहनी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेन्द्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीदारी के लिए भी नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है।

Related Articles

Back to top button