झांसी में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की टॉपर बालिकाओं को किया गया सम्मानित

- प्रज्ञा सिंह
झांसी। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत झांसी में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह आज विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद् की सदस्य श्रीमती रमा निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद मौजूद रहे।
समारोह में हाईस्कूल की 10 और इंटरमीडिएट की 10 बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार पटेल ने बताया कि महिला कल्याण विभाग की ओर से चयनित प्रत्येक बालिका को उनके खाते में ₹5,000 की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

श्री पटेल ने कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी साझा की, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल सेवा योजना कोविड, बाल सेवा योजना सामान्य प्रवर्तकता कार्यक्रम, निराश्रित महिला पेंशन योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर सहित शक्ति सदन की हेल्पलाइन नंबर 181, 1090, 112 और 1098 प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, कनिष्ठ सहायक नीरज तिवारी, जेंडर स्पेशलिस्ट रजनी वर्मा, संरक्षण अधिकारी दीपिका त्रिवेदी, सहायक लेखाकार अंकित दीक्षित, शारूक, विनोद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



