बिठूर में पूर्व सपा विधायक की कार पर पथराव, मुनींद्र शुक्ला बाल-बाल बचे; दो आरोपी गिरफ्तार

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। बिठूर थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला की कार पर बाइक सवार युवकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कार का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया, हालांकि पूर्व विधायक और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला, जो वर्ष 2012 से 2017 तक सपा से विधायक रहे हैं और मूल रूप से चौबेपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वह शुक्रवार रात सिंहपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापसी के दौरान मटका चौराहे के पास उनकी कार जाम में फंस गई। इसी बीच बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कार पर पथराव कर फरार हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पूर्व विधायक के अनुसार, हमलावरों ने उनका नाम लेकर गाली-गलौज भी की। पथराव में उनकी पजेरो कार का पिछला शीशा टूट गया, जबकि पीछे चल रही एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हुई। घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी गाड़ी को सुरक्षित थाने ले जाया गया। पूर्व विधायक ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने अंबर दीक्षित (25) निवासी कछार थाना बिठूर और ऋषभ यादव (24) निवासी गंगपुर थाना बिठूर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है।



