कानपुर पुलिस की तत्परता से 24 घंटे में मिला खोया बैग, लाखों के जेवर सुरक्षित

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। कानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक यात्री का खोया बैग महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार हरेश कुमार मिश्रा, निवासी सरिता विहार (नई दिल्ली) एवं पैतृक निवासी ग्राम जोत, रसूलाबाद (कानपुर देहात), 24 फरवरी 2026 को निजी कार्य से दिल्ली से अपने गांव आ रहे थे। वे श्रम शक्ति एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे और पुत्री के इलाज के लिए सिविल लाइंस गए। वहां से ऑटो द्वारा कल्याणपुर क्रॉसिंग पहुंचने के दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया और चालक आगे निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी इंदिरा नगर उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह व उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए करीब 24 घंटे के भीतर संबंधित ऑटो की पहचान कर चालक से संपर्क स्थापित किया और बैग बरामद कर लिया।

बैग की जांच में लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं अन्य सामान सुरक्षित मिले। इनमें एक सोने का हार, तीन सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, झुमकी, नौ सोने की अंगूठियां, एक मांग बेदी, एक लॉकेट, करीब 80 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और बच्चों के कपड़े शामिल थे।
पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई से आवेदक और उनके परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। हरेश कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए संतोष व्यक्त किया और परिवार सहित प्रसन्न होकर प्रस्थान किया।



