यातायात माह पर पुलिस उपायुक्त रवीन्द्र कुमार की कानपुरवासियों से अपील: “सुरक्षित यातायात, जीवन की सुरक्षा”

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। यातायात माह के अंतर्गत पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहरवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहने और उनका पालन करने की विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए लोगों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहरवासियों से निम्न नियमों का पालन करने की अपील की:
सड़क सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
- दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें।
- चारपहिया वाहन चालकों और यात्रियों के लिए सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें।
- शराब पीकर वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
- नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें—यह अवैध और खतरनाक है।
राह-वीर योजना का उल्लेख
उन्होंने बताया कि ‘राह-वीर योजना’ के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को गोल्डन आवर में चिकित्सा सहायता दिलाने वाले “गुड सेमेरिटन” को ₹25,000 का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाता है। यह योजना लोगों को मानवता और साहस दिखाने हेतु प्रेरित करती है।
श्री रवीन्द्र कुमार ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाकर न केवल अपने जीवन की बल्कि दूसरों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।



