अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने घाटमपुर, सजेती व नौबस्ता थानों का किया औचक निरीक्षण

- दीपक कुमार
कानपुर नगर। आगामी पर्वों को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटा है। इसी क्रम में दिनांक 13 फरवरी 2026 को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा द्वारा थाना घाटमपुर, सजेती एवं नौबस्ता का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर डेस्क, CCTNS कार्यालय तथा थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अपर पुलिस आयुक्त ने अभिलेखों, लंबित प्रकरणों और साइबर शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के लिए सख्त निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से संवाद कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का आश्वासन भी दिया गया।



