पितृपक्ष में शहीदों को श्रद्धांजलि, ग्रीन एंड क्लीन यूपी कैंपेन के तहत लगाए जा रहे पौधे

- विशाल कुमार
उन्नाव। पितृपक्ष के अवसर पर शहीद सैनिकों और पुलिसकर्मियों की याद में ग्रीन एंड क्लीन यूपी कैंपेन एक बार फिर चर्चा में है। “एक पौधा शहीदों के नाम” के संकल्प के साथ चल रही इस मुहिम ने पिछले दो वर्षों में गांव-शहर, स्कूलों से लेकर बंजर ज़मीनों तक हर जगह हज़ारों पौधों को रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और शहीदों की स्मृति को जोड़ने का काम किया है।

इस अभियान की शुरुआत उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा अपूर्व और औरास ब्लॉक के शिक्षक प्रदीप वर्मा ने की थी। उनकी इस पहल से शिक्षकों, बच्चों, पर्यावरण प्रेमियों और समाजसेवियों का एक बड़ा कारवां जुड़ चुका है। विद्यालयों में बच्चों की ग्रीन ब्रिगेड तैयार हुई, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी से लेकर थाना प्रभारियों तक सभी ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
मुहिम की खासियत यह रही कि इसमें केवल स्थानीय लोग ही नहीं बल्कि कई नामचीन हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी सुजीत कुमार, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कुमार तिवारी, आईएएस धीरेन्द्र सचान, बिग बॉस विनर आशुतोष कौशिक, आईएमए अध्यक्ष डॉ. पी.के. गुप्ता, मॉडल जहरा हामिद सिद्दकी, अभिनेत्री पारुल चौहान और अभिनेता अनिल रस्तोगी जैसे नाम शामिल हैं। सभी ने लोगों से पौधे लगाने की अपील की।

इस वर्ष भी पितृपक्ष में शहीदों के तर्पण के लिए उन्नाव, लखनऊ और कानपुर में अभियान चलाया जा रहा है। 8 सितंबर से शुरू हुई इस पहल के तहत 1100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी पौधों की जियो टैगिंग की जा रही है ताकि उन्हें संरक्षित किया जा सके। अनूप मिश्रा ने बताया कि ट्री गार्ड उपलब्ध कराने के लिए संस्थाओं से बात चल रही है, जिससे पौधों को सुरक्षित रखना आसान होगा।
शिक्षक प्रदीप वर्मा ने समाजसेवियों और नागरिकों से अपील की है कि वे एक बार फिर इस मुहिम से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने में योगदान करें।



