डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना कल्याणपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 28.02.2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा थाना कल्याणपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक व्यवस्था, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क/मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण का गहन अवलोकन किया गया।
इस दौरान पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की स्थिति, शस्त्रागार में उपलब्ध आपातकालीन हथियारों व कारतूसों की उपलब्धता तथा दंगा-रोधी उपकरणों एवं दस्ते की तैयारियों की भी जांच की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया।
निरीक्षण उपरांत डीसीपी पश्चिम ने अभिलेखों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।



