एसआईआर, पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए : BJP क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल

झांसी में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस, विधान परिषद चुनाव को लेकर संगठन हुआ सक्रिय
- अमन कुमार / प्रियंका सिंह
झांसी। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने झांसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी दलों और उनके पोलिंग एजेंटों की होती है। उन्होंने कहा, “मतदान के समय यदि कोई गड़बड़ी होती है तो पोलिंग एजेंट तत्काल उस पर आपत्ति दर्ज करा सकता है। लेकिन साल-दो साल बाद नरेटिव सेट करना उचित नहीं है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेठी और रायबरेली में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मतदाताओं के वोट एक साथ बनाए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कार्य बीएलओ ने कैसे किया और कहा कि वह केवल इसी प्रक्रिया का शुद्धिकरण चाहते हैं। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा लागू की गई एसआईआर (Special Investigation Report) व्यवस्था का समर्थन करते हुए कहा कि इसे पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए।

संगठनात्मक बैठक में विजय का संकल्प
सर्किट हाउस में झांसी मंडल भाजपा (जालौन, ललितपुर, झांसी जिला व झांसी महानगर) की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। यह बैठक आगामी विधान परिषद स्नातक चुनाव – 2026 को लेकर रखी गई थी।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, हरीश रावत, प्रदीप पटेल, हेमंत परिहार सहित विभिन्न जिला संयोजक, सह-संयोजक और विधानसभा संयोजक मौजूद रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए सभी ने आगामी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

निर्माणाधीन जिला/महानगर कार्यालय का निरीक्षण
इस दौरान प्रकाश पाल ने झांसी महानगर स्थित निर्माणाधीन भाजपा जिला/महानगर कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित टीम को गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



