NEWSUttar Pradesh

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, अधिवक्ता ने पुलिस कमिश्नर से की कार्रवाई की मांग

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर विवाद बढ़ गया है। अधिवक्ता ऋषभ अवस्थी ने मामले में पुलिस आयुक्त कानपुर नगर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक यूजर आईडी द्वारा कानपुर बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं के संबंध में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। बताया गया कि 27 फरवरी को आयोजित होली मिलन समारोह के बाद 28 फरवरी को सोशल मीडिया पर संबंधित पोस्ट डाली गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त पोस्ट के जरिए संस्था और सम्मानित अधिवक्ताओं की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, जिससे अधिवक्ता समुदाय में रोष व्याप्त है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ‘एक्स’ आईडी संचालकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

होली मिलन समारोह के बाद बढ़ा विवाद

कानपुर कचहरी परिसर में 27 फरवरी को बार एसोसिएशन की ओर से प्रतिवर्ष की भांति होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की झांकियां सजाई गईं और महिला कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ यूजर्स ने वकीलों और बार एसोसिएशन के खिलाफ भद्दी और अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं।

‘वकीलों के सम्मान को पहुंची ठेस’

अधिवक्ता ऋषभ अवस्थी ने कहा कि यह कार्यक्रम वर्षों से आपसी भाईचारे और मनोरंजन के उद्देश्य से आयोजित किया जाता रहा है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से अधिवक्ता समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने पुलिस से ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इन यूजर आईडी पर आरोप

शिकायत के अनुसार 28 फरवरी की रात करीब नौ बजे ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर ‘ठाकुर आर्यन चंदेल’ (@thakuraryansin8) और ‘therkanpur78’ नामक यूजर आईडी से बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां की गईं।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि इन पोस्ट के जरिए उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button