होली व रमजान के मद्देनज़र रावतपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, DCP पश्चिम ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को देखते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने थाना रावतपुर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों व संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर पैदल गश्त की।
गुरुवार (27 फरवरी 2026) को डीसीपी पश्चिम ने क्षेत्रांतर्गत रामलला मंदिर, नूरी मस्जिद एवं विलाल मस्जिद का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिस बल की ड्यूटी जांची और क्षेत्र में पैदल गश्त कर आमजन से संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में लगाए गए पुलिस बल और पिकेट ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर भी मौजूद रहे।



