NEWSUttar Pradesh

कानपुर कचहरी में बवाल: डिबार अधिवक्ता की गिरफ्तारी पर पुलिस से धक्का-मुक्की, एफआईआर दर्ज

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। एलएलबी छात्र पर हमले के आरोपी डिबार अधिवक्ता प्रिंस राज श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के दौरान कानपुर कचहरी परिसर में हंगामा हो गया। बुधवार शाम पुलिस जब आरोपी को पकड़ने पहुंची तो उसके समर्थकों ने विरोध करते हुए पुलिस से धक्का-मुक्की और अभद्रता की। इसी दौरान एक हेड कांस्टेबल को पीछे से थप्पड़ मारा गया।

घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात अधिवक्ताओं के समूह के खिलाफ दंगा, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

एलएलबी छात्र पर चाकू से हमला
25 अक्टूबर की रात विनायकपुर निवासी एलएलबी छात्र अभिजीत सिंह पर चाकू से हमला किया गया था। वह मेडिकल स्टोर से दवा लेने गया था, तभी उस पर चापड़ से वार किया गया। हमले में अभिजीत के हाथ की दो उंगलियां कट गईं और पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे आंतें बाहर आ गईं।

अभिजीत के मामा की तहरीर पर पुलिस ने अमर सिंह, विजय सिंह, डिबार अधिवक्ता प्रिंस राज श्रीवास्तव और निखिल के खिलाफ केस दर्ज किया था। इनमें अमर सिंह, विजय सिंह और निखिल को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि प्रिंस राज फरार चल रहा था।

सरसैया घाट के पास से गिरफ्तारी के दौरान बवाल
बुधवार शाम रावतपुर थाना प्रभारी मनोज मिश्रा को सूचना मिली कि आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव सरसैया घाट चौराहे के पास मौजूद है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसमें एसआई राजकुमार, निखिल सिंह, चेतन कुमार और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जब पुलिस ने प्रिंस राज को गिरफ्तार किया तो कुछ वकीलों का समूह मौके पर पहुंचा और गिरफ्तारी का विरोध करने लगा। उन्होंने पुलिस से बदसलूकी की और धक्का-मुक्की की। इसी दौरान हेड कांस्टेबल धर्मवीर को पीछे से थप्पड़ मारा गया।

अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि घटना में शामिल अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Related Articles

Back to top button