“न्याय नहीं, समझौते कर रही है सरकार”भाजपा सरकार : अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा – “भाजपा अब राजनीतिक दल नहीं, बल्कि गैंग की तरह काम कर रही है। विधानसभा चुनाव में जनता इसका सफाया कर देगी।”
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून और संविधान से नहीं, बल्कि दबाव और समझौतों से शासन चल रहा है। पुलिस पर सरकार का नियंत्रण नहीं है और आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।
पार्टी मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि बाराबंकी, कौशाम्बी और गाजीपुर जैसी घटनाओं में पीड़ित परिवारों को न्याय के बजाय समझौते कराने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दबाव डालकर समझौते करा रही है, जबकि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कानपुर के माफिया प्रकरण में शामिल आईपीएस अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले की निष्पक्ष जांच हो जाए तो भाजपा का असली चेहरा सामने आ जाएगा।
आउटसोर्सिंग और शिक्षा पर बड़ा ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आई तो नौकरियों में आउटसोर्स व्यवस्था को खत्म कर स्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ की भारी कमी है और फीस इतनी महंगी कर दी गई है कि गरीब बच्चे डॉक्टर बनने का सपना नहीं देख सकते।
“नकलची सीएम” और विकास के मुद्दे
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को “नकलची सीएम” बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है, केवल दिल्ली की नकल की जाती है। अखिलेश ने मथुरा-वृंदावन में समाजवादी सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विकास की जगह केवल कॉरिडोर बनाने में लगी है।
विदेश नीति और पीडीए पर बयान
नेपाल में भारतीय पत्रकारों के साथ हुई मारपीट पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह विदेश नीति की असफलता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समाज को शिक्षा से वंचित कर रही है और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों के अधिकार छीन रही है।



