NEWSUttar Pradesh

कर से कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा: योगेन्द्र उपाध्याय

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर में आयोजित नवीन सभागार में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्र भारत में करों का बोझ लगातार बढ़ता गया है, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कमी की गई है, जो हर वर्ग के लिए राहत का कारण बनी है।

मंत्री जी ने बताया कि इस जीएसटी सुधार का फायदा विशेष रूप से गरीब, मध्यमवर्ग, किसान, और उद्योगों को होगा, साथ ही महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि यह बदलाव “कर से कल्याण” का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे आम जन का जीवन स्तर बेहतर होगा।

उन्होंने आगे कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान जैसे जीवन की मूलभूत आवश्यकताएँ अब सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। खाने-पीने की वस्तुएँ, दवाइयाँ, शिक्षा, कपड़े, यात्रा, और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर कर में कटौती की गई है। यह मोदी सरकार का त्योहारों के अवसर पर जनता को दिया गया बड़ा उपहार है।

मंत्री ने यह भी बताया कि पहले जिन वस्तुओं पर 28% जीएसटी था, उनमें से 90% पर कर घटाकर 18% कर दिया गया है, वहीं 12% स्लैब की लगभग 99% वस्तुओं पर टैक्स घटाकर 5% या शून्य कर दिया गया है। खासतौर पर खाद्य पदार्थों जैसे दूध, दही, पनीर, मक्खन और जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी को शून्य कर दिया गया है।

इस बदलाव को लेकर मंत्री ने कहा कि यह कदम न केवल आम आदमी की बचत को बढ़ाएगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। इससे एक स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत की दिशा में एक नया कदम उठाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में सांसद रमेश अवस्थी, सांसद अशोक रावत, जिला अध्यक्ष कानपुर उत्तर अनिल दीक्षित, जिला अध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जितेंद्र विश्वकर्मा, राजू अवधेश सोनकर, सत्यम गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button