कानपुर देहात पुलिस का ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान, त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में जनपदीय पुलिस बल द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विशेष ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी। साथ ही संवेदनशील स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई गई, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अभियान के दौरान लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।
कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।



