HomeNEWSझांसी में स्कूल आधारित डीपीटी-टीडी टीकाकरण अभियान शुरू

झांसी में स्कूल आधारित डीपीटी-टीडी टीकाकरण अभियान शुरू

3 से 7 अगस्त तक 414 विद्यालयों में चलेगा अभियान, छूटे हुए विद्यार्थियों को लगाए जाएंगे जीवनरक्षक टीके

  • नरेश राठौर

झांसी। बच्चों को डिप्थीरिया, टिटनेस और अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक स्कूल आधारित डीपीटी-टीडी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ आदर्श जूनियर हाई स्कूल डीसी तालपुरा एवं पंडित कृष्ण चंद्र शर्मा इंटर कॉलेज में किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग, आईसीडीएस और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से विद्यालयों में अध्ययनरत छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा रहा है।

अभियान के तहत कक्षा 1 के पांच वर्ष आयु के छूटे हुए बच्चों को डीपीटी टीका, कक्षा 5 के 10 वर्ष आयु के बच्चों को टीडी-10 तथा कक्षा 10 के 16 वर्ष आयु के विद्यार्थियों को टीडी-16 का टीका लगाया जा रहा है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के 341 और शहरी क्षेत्र के 73 विद्यालयों सहित कुल 414 विद्यालयों को शामिल किया गया है। प्रत्येक एएनएम निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपने क्षेत्र के विद्यालयों में पहुंचकर पात्र एवं छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कर रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान के दौरान विद्यार्थियों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की जा रही है कि वे बच्चों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर, एनयूएचएम के नोडल अधिकारी डॉ. अंशुमान तिवारी, डब्ल्यूएचओ की डॉ. जूही सूलिया, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिबाला चौधरी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका गुप्ता, फार्मासिस्ट पवन रायकवार, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें डिप्थीरिया, टिटनेस और अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments