
छात्र-छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई और सुविधाओं की ली जानकारी, बच्चों के साथ किया मिड डे मील
- नरेश राठौर
झांसी। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद झांसी में संचालित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय डीसी तालपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पसंद और अध्ययन से जुड़े विषयों पर बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

बच्चों के साथ किया मध्याह्न भोजन
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) भी ग्रहण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता का जायजा लिया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। साथ ही बच्चों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मिलना भी उनकी स्वस्थ वृद्धि एवं विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, शैक्षिक वातावरण तथा छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था को और बेहतर बनाना रहा।


