राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का लिया जायजा, घाटों पर बढ़ाई गई सतर्कता
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए 19 अगस्त 2026 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर ने गंगा किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने रिवर बैंक एवं लो-लाइन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा घाटों पर सतर्कता बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित
संभावित आपदा से निपटने के लिए इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त महेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


