नव प्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और विभागीय गतिविधियों की दी गई जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज में बीएड विभाग की ओर से प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 की नव प्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से ओरियंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम, निदेशक (स्ववित्तपोषित) प्रो. अर्चना वर्मा, चीफ प्रॉक्टर प्रो. अर्चना श्रीवास्तव, प्रो. क्षमा त्रिपाठी, प्रो. सुगंधा तिवारी, ऑफिस सुपरिटेंडेंट श्री कृष्णेन्द्र एवं विभागाध्यक्षा डॉ. सबीहा अंजुम ने दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली छात्राओं का स्वागत किया गया। उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, पुस्तकालय, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्राचार्या एवं अन्य पदाधिकारियों ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं है, बल्कि छात्राओं में ज्ञान, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना भी है।
बीएड विभाग की प्रभारी डॉ. सबीहा अंजुम ने नव प्रवेशित छात्राओं को शिक्षण-प्रशिक्षण की प्रकृति, व्यावहारिक प्रशिक्षण, शिक्षण-अभ्यास तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ उनके नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत करना रहा।


