‘सिख गद्दार नहीं, असली गद्दार गांधी परिवार है’— बिट्टू को गद्दार कहे जाने पर राहुल गांधी पर बरसे मनजिंदर सिंह सिरसा

- सोनाली सिंह
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई नोकझोंक को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता आज भी नहीं बदली है और संसद में हुई यह घटना उसी का प्रमाण है।
मकर द्वार पर हुई इस नोकझोंक के बाद सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा सिख मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के लिए “गद्दार” जैसे शब्दों का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने इसे सिख समुदाय का अपमान बताया।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कोई भी सिख गद्दार नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि असली गद्दारी गांधी परिवार ने की है, जिन्होंने श्री दरबार साहिब पर सैन्य कार्रवाई करवाई, श्री अकाल तख्त साहिब को क्षतिग्रस्त किया और निर्दोष सिखों के साथ अमानवीय अत्याचार हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच में आज भी वही ज़हर मौजूद है, जो 1980 के दशक में था।
सिरसा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह की भाषा और सिखों के प्रति नकारात्मक भावनाएं किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने इसे न केवल सिख समुदाय की तौहीन बताया, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से इस पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि संसद जैसे गरिमामय मंच पर इस तरह की टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि सिखों के प्रति अपमान और द्वेष कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा रहा है और इसे रोकना बेहद जरूरी है। सिरसा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के अतीत के कृत्यों को नकारा नहीं जा सकता और इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।



