भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग है: अखिलेश यादव

- अखिलेश अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक गैंग की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति चालाकी, सांप्रदायिकता और नफरत से प्रेरित है तथा सत्ता का दुरुपयोग इसके कार्यकाल की पहचान बन गया है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित समाजवादी पार्टी इंटलेक्चुअल फोरम की बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा के कारण देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है और नई पीढ़ी को अंधेरे में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज में पाखंड और अंधविश्वास का कोई स्थान नहीं हो सकता।

सरकार पर लगाए कई आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दस वर्षों का परिणाम “सिफर” है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने एमओयू और निवेश घोषणाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए इनका भविष्य क्या होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की नीतियां भ्रामक हैं और सरकार ने देश का बाजार विदेशियों के हवाले कर दिया है।
2027 के लिए किया आह्वान
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना आवश्यक है ताकि समाज को बुराइयों से बाहर निकाला जा सके और सांप्रदायिकता से दूर रखा जा सके। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा ही प्रोग्रेसिव, पॉजिटिव और सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाती है।
फोरम सदस्यों ने जताया समर्थन
बैठक में उपस्थित बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों ने कहा कि अखिलेश यादव ने सबको समान अवसर और पीडीए की अवधारणा के माध्यम से डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को आगे बढ़ाया है। सदस्यों ने 2027 में उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी इंटलेक्चुअल फोरम के प्रदेश प्रभारी प्रो. शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



