NEWSUttar Pradesh

कर्ण की मार्मिक गाथा और कवियों के ठहाकों से गूंजा बिठूर महोत्सव

ज्योति सिंह

कानपुर नगर। बिठूर महोत्सव का दूसरा दिन सांस्कृतिक विविधता और साहित्यिक गरिमा से भरपूर रहा। सुबह ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ और ‘कानपुर गॉट्स टैलेंट’ से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जबकि शाम होते-होते पूरा प्रांगण कर्ण की भावुक गाथा और कवि सम्मेलन की गूंज से जीवंत हो उठा। दिनभर चले आयोजनों ने दर्शकों को बांधे रखा।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। मंडलायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन बिठूर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं और स्थानीय कलाकारों को मंच मिलना सकारात्मक संकेत है।

कर्ण की डिजिटल नाट्य प्रस्तुति ने किया भावुक

श्रीराम कला केंद्र की ओर से महाभारत के अमर नायक कर्ण पर आधारित एक घंटा दस मिनट की डिजिटल नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया। बिना संवादों के हाव-भाव, देह-भाषा, प्रकाश और संगीत के माध्यम से कर्ण के जीवन के प्रमुख प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कर्ण की भूमिका टुल्लू मुर्मू और कुंती की भूमिका रितुपर्णा दास ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में सीडीओ दीक्षा जैन ने कलाकारों को सम्मानित किया।

कवि सम्मेलन में गूंजे ठहाके

इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में दिनेश बावरा, प्रताप फौजदार, शम्भु शिखर, स्वयं श्रीवास्तव, राव अजातशत्रु, मणिका दुबे, गौरव चौहान, हेमंत पाण्डेय, संदेश तिवारी और अजय अंजाम सहित 11 कवियों ने काव्य पाठ किया। हास्य और व्यंग्य से सजी प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।

कवयित्री मणिका दुबे ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि कवि संदेश तिवारी की पंक्तियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान विधायक अभिजीत सिंह सांगा, एमएलसी अरुण पाठक और एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

युवाओं की प्रतिभा को मिला मंच

दिन में आयोजित ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ में तरंग बैंड, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की टीम, इंक्लिनेशंस बैंड, द हैंक्स, अनिकेत मेसी एंड टीम और रिदम ग्रुप ने प्रस्तुति दी। वहीं ‘कानपुर गॉट्स टैलेंट’ में गायन, नृत्य और कविता के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम

चित्रकला प्रतियोगिता में रवि प्रताप सिंह प्रथम, अमरजीत द्वितीय और प्रेम सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
क्विज प्रतियोगिता में डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के अश्विन सिंह और सम्राट सिंह प्रथम, सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के मेहरजोत सिंह व अशोक दुबे द्वितीय तथा बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के यश गौतम तृतीय रहे।


तृतीय दिवस (28 फरवरी 2026) की रूपरेखा

बिठूर महोत्सव के अंतिम दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी—

  • सुबह 11 बजे–दोपहर 2 बजे: छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • दोपहर 3 बजे–4 बजे: शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत
  • शाम 4 बजे–5:15 बजे: सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज द्वारा लोक प्रस्तुतियां (पाई डंडा, पंजाबी गटका, ब्रज की चारकुला होली)
  • शाम 5:15 बजे–5:45 बजे: पुरस्कार वितरण समारोह
  • शाम 6 बजे–6:30 बजे: पत्थर घाट पर काशी रस वाद्यवृंद की जुगलबंदी
  • शाम 6:30 बजे–7 बजे: गंगा आरती
  • रात 7:30 बजे: गोपाल मणि तिवारी का म्यूजिक कॉन्सर्ट

महोत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button