झांसी की महिला ने पति के उत्पीड़न से परेशान होकर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

- अमन कुमार
झांसी। मिशन कंपाउंड निवासी श्वेता भीलवार ने सीनियर ऑडिट अधिकारी पति से लगातार उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना सहते हुए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। उन्होंने पत्र में कहा कि यदि उन्हें पति के उत्पीड़न से मुक्ति नहीं मिलती, तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए।
श्वेता ने आरोप लगाया कि उनके पति ने 22 साल पहले उन्हें बहला-फुसला कर अंतरजातीय विवाह किया। पति उनसे करीब 14 साल बड़े हैं। शादी के बाद से ही वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे हैं। बच्चों के जन्म के बावजूद पति उन पर शक करते हैं और घर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी रखते हैं। मायके जाने की अनुमति नहीं दी जाती और भाई की मदद करने पर भी धमकाया जाता है।
श्वेता ने बताया कि कई बार उन्होंने आत्महत्या करने का सोचा, लेकिन बच्चों के लिए हिम्मत जुटाई। उन्होंने स्कूल में नौकरी शुरू की, लेकिन इससे भी पति का उत्पीड़न बढ़ गया। अब वह मुख्यमंत्री से निवेदन कर रही हैं कि या तो उन्हें पति से सुरक्षा दी जाए या इच्छा मृत्यु की अनुमति प्रदान की जाए।



