NEWSUttar Pradesh

कानपुर नगर में नए मतदेय स्थलों के अनुभाग सृजन पर बैठक सम्पन्न

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नए मतदेय स्थलों के संभाजन और अनुभाग सृजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद कानपुर नगर के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ.प्र., लखनऊ के पत्र संख्या 1013/सीईओ-4 दिनांक 27 अगस्त 2025 के संदर्भ में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों की समीक्षा की गई। प्रमुख निर्देशों में शामिल थे:

  • किसी भी परिवार को विभाजित न किया जाए; सभी सदस्य एक ही अनुभाग में हों।
  • एक ही इमारत या गली के मतदाता यथासंभव एक ही भाग में रखें जाएँ।
  • मतदाता को मतदान के लिए 2 किमी से अधिक दूरी तय न करनी पड़े और किसी प्राकृतिक बाधा को पार न करना पड़े।
  • प्रत्येक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों, इसका पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में मतदाता सूची के अनुभागों का असंगत संभाजन होने के कारण कई त्रुटियाँ हुई थीं। इसके परिणामस्वरूप—

  • एक ही परिवार के मतदाता अलग-अलग मतदेय स्थलों पर स्थानांतरित हो गए।
  • एक ही इमारत या गली के मतदाता अलग-अलग बूथों में बंट गए।

इससे मतदान के दिन मतदाताओं को अपने सही मतदेय स्थल खोजने में कठिनाई होती थी।

जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकतानुसार अनुभागों का सही सृजन किया जाए।

बैठक में उप जिलाधिकारी सदर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, संबंधित उप जिलाधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button