
झूलन और मिताली की आंखों से छलके खुशी के आंसू। वर्ल्ड कप भले ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में आया है, लेकिन इसके पीछे दशकों का संघर्ष छिपा है। झूलन गोस्वामी, मिताली राज और अंजुम चोपड़ा जैसी दिग्गजों ने अपनी मेहनत से इसकी नींव रखी थी। रविवार को जब भारत चैंपियन बना, तो ये पूर्व खिलाड़ी खुशी के आंसुओं को रोक नहीं पाईं।
- समय टुडे डेस्क।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार रात इतिहास रचते हुए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार आईसीसी विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2005 और 2017 की हार का बदला चुकाते हुए उस सपने को साकार किया, जिसका इंतजार देश को दो दशकों से था।
झूलन-मिताली की आंखों में छलक आई भावनाएं
टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया। मैच खत्म होते ही स्टेडियम में मौजूद झूलन गोस्वामी, मिताली राज और अंजुम चोपड़ा जैसी पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और हरमनप्रीत को गले लगाकर फफक-फफक कर रो पड़ीं।
इन दिग्गजों ने वर्षों पहले भारतीय महिला क्रिकेट की नींव रखी थी, और उनकी मेहनत का फल आखिरकार इस पीढ़ी ने वर्ल्ड कप ट्रॉफी के रूप में हासिल किया।

शैफाली वर्मा बनीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद बताया कि फाइनल का टर्निंग पॉइंट शैफाली वर्मा से गेंदबाजी कराना रहा।
शैफाली ने फाइनल में सिर्फ 78 गेंदों पर 87 रन की शानदार पारी खेली, साथ ही 7 ओवर की गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका की दोनों अहम बल्लेबाज सुने लुस और मारिजेन कप्प को पवेलियन भेजा। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
कप्तान हरमनप्रीत बोलीं — “टीम पर मुझे पूरा भरोसा था”

मैच के बाद भावुक हरमनप्रीत कौर ने कहा, “यह जीत सिर्फ हमारी नहीं, पूरे देश की है। जब हम लगातार तीन मैच हारे, तब भी हमें पता था कि हमारी टीम में कुछ खास है। सभी खिलाड़ियों ने सकारात्मक सोच के साथ वापसी की, और इस खिताब को देश को समर्पित किया।”
उन्होंने दर्शकों, बीसीसीआई और सपोर्ट स्टाफ का भी आभार जताया, जिन्होंने हर परिस्थिति में टीम का साथ दिया।
नया युग, नई मिसाल
यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है। वर्ल्ड कप जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है, और क्रिकेट प्रेमी सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को ‘माइलस्टोन मोमेंट’ बता रहे हैं।



