MBBS छात्रा से गैंगरेप पर ममता बनर्जी का बयान बना सियासी मुद्दा, पूछा – रात 12.30 बजे कॉलेज से बाहर कैसे गई पीड़िता?

- आनंद सिंह
दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)। दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रा से हुए गैंगरेप मामले ने राज्य की राजनीति में तूफान ला दिया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विवादित बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया, जिसे लेकर विपक्ष खासकर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ममता बनर्जी ने उठाए सवाल, निजी कॉलेजों को ठहराया जिम्मेदार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को “चौंकाने वाला” बताते हुए कहा कि पुलिस पूरी तत्परता से जांच में जुटी है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि “यह छात्रा रात 12.30 बजे कॉलेज परिसर से बाहर कैसे गई?”
ममता ने आगे कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों को अपने छात्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और “नाइट कल्चर” पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को देर रात बाहर जाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि आसपास का क्षेत्र सुनसान और असुरक्षित है।
बीजेपी ने कहा – पीड़िता को दोषी ठहराना शर्मनाक
मुख्यमंत्री के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह शर्मनाक है कि एक महिला मुख्यमंत्री खुद पीड़िता को दोषी ठहरा रही हैं।”
भाटिया ने आरोप लगाया कि “जो मुख्यमंत्री लड़कियों को रात में बाहर न जाने की सलाह देती हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करतीं, उन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
ममता बनर्जी का पलटवार, अन्य राज्यों का किया जिक्र
बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि “ऐसे अपराध ओडिशा, मणिपुर, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी हुए हैं, और वहां भी कार्रवाई की गई है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि पश्चिम बंगाल सरकार भी दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।
पीड़िता के परिवार का दर्द – “अब यहां सुरक्षा पर भरोसा नहीं”
पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली और MBBS की दूसरी वर्ष की छात्रा हैं। घटना के समय वह अपने दोस्त के साथ बाहर गई थीं, तभी कुछ लोगों ने उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर बलात्कार किया।
पीड़िता के पिता ने कहा, “मेरी बेटी गहरे सदमे में है और चल भी नहीं पा रही। अब हमें यहां उसकी सुरक्षा पर भरोसा नहीं है। हम चाहते हैं कि वह ओडिशा वापस जाकर अपनी पढ़ाई जारी रखे।”
उन्होंने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मंझी ने खुद उनसे संपर्क किया है और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों – अपू बाउरी (21), फिरदौस शेख (23) और शेख रियाजुद्दीन (31) – को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के साथ मौजूद दोस्त से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि “यह घटना हमें भी उतना ही दुख देती है जितना ओडिशा को। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
फिलहाल जांच जारी है, वहीं ममता बनर्जी के बयान को लेकर सियासी हलकों में बहस थमने का नाम नहीं ले रही।



