कानून सुविधा के लिए, बोझ नहीं होना चाहिए: राजग सांसदों को PM मोदी का संदेश

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देश में बनाए जाने वाले सभी कानून और नियम आम लोगों की सुविधा के लिए होने चाहिए, न कि उनके लिए बोझ बनने वाले। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने जोर दिया कि सुधार सिर्फ अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में होने चाहिए।
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राजग सांसदों को “बहुत स्पष्ट और उपयोगी दिशा-निर्देश” दिए। बैठक में गठबंधन के सभी सांसद मौजूद थे।
रीजीजू के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक को किसी कानून या नियम के कारण अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी सांसदों की जिम्मेदारी है कि व्यवस्था को सरल और सुविधाजनक बनाने वाले कानून ही लागू हों।
उन्होंने बताया कि मोदी ने कहा, “कानून किसी पर बोझ नहीं, बल्कि लोगों की सुविधा और व्यवस्था सुधारने का माध्यम होना चाहिए। ऐसा कोई नियम नहीं होना चाहिए जो जनता को बेवजह परेशान करे।”
प्रधानमंत्री ने सांसदों से विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ युवाओं, खेलों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से अधिक जुड़ने का आह्वान किया। बैठक की शुरुआत में भाजपा और राजग नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनावों में गठबंधन की जीत पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा भी उपस्थित थे।
जद(यू) के संजय झा और रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री को माला पहनाकर बधाई दी। सोमवार को भी बिहार राजग नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर चुनावी सफलता के लिए धन्यवाद दे चुका था। बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की बड़ी जीत के बाद गठबंधन की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं और जनता के कल्याण के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करना होगा।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के हालिया चुनावों में राजग ने 202 सीटें जीतीं, जिससे जद(यू) नेता नीतीश कुमार के लगातार दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ। भाजपा ने 89, जद(यू) ने 85, लोजपा (रामविलास) ने 19, हम (सेक्युलर) ने पांच और रालोमो ने चार सीटें हासिल कीं।



