HomeNEWSRTC योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक ने प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण

RTC योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक ने प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश, चौराहों से 100 मीटर तक ई-रिक्शा-ऑटो खड़े करने पर रोक

अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के तहत 19 अगस्त 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के प्रमुख स्थानों का भौतिक निरीक्षण किया।

डीसीपी ट्रैफिक ने गोल चौराहा, हैलेट अस्पताल मार्ग, कार्डियोलॉजी मार्ग एवं अशोकनगर चौराहा पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।

चौराहों से 100 मीटर तक नहीं खड़े होंगे ई-रिक्शा और ऑटो

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देश दिए गए कि सभी चौराहों और तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी तक ई-रिक्शा एवं ऑटो खड़े न होने दिए जाएं। यातायात को बाधित करने वाले वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अस्पताल मार्गों पर विशेष सतर्कता

हैलेट अस्पताल और कार्डियोलॉजी मार्ग पर मरीजों एवं तीमारदारों की अधिक आवाजाही को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने अवैध पार्किंग हटाने और सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल क्षेत्रों में एंबुलेंस और मरीजों को लेकर आने-जाने वाले वाहनों के निर्बाध एवं त्वरित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

RTC योजना का उद्देश्य यातायात को बनाना सुगम

डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात बाधित करने वाले कारणों को चिन्हित कर तत्काल समाधान किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसीपी यातायात संजय कुमार सिंह तथा यातायात निरीक्षक मध्य जोन प्रथम एवं द्वितीय सहित यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments