सपा मुख्यालय में बड़ा सियासी आयोजन, कई दलों के नेताओं ने ग्रहण की सदस्यता

- अखिलेश अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न दलों के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए बसपा, कांग्रेस, अपना दल (एस) और भाजपा से जुड़े नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थामा।

सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू, पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, पूर्व विधायक राजकुमार पाल, एआईएमआईएम से जुड़े डॉ. दानिश खान, पूर्व विधान परिषद सदस्य हुस्ना सिद्दीकी, पूनम पाल तथा इटावा की पहली ड्रोन पायलट रंजना पाल शामिल रहीं।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ शिवशंकर भुर्जी, शंभू प्रजापति, मौलाना अयाज आब्दी, चमन लाल, राधेलाल रावत, राम जियावन, मौलाना जमीर कासमी, अफजल सिद्दीकी, शाहिद शेख और महोबा के जिला पंचायत सदस्य आनंद द्विवेदी समेत कई अन्य नेता भी सपा में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दावा किया कि विभिन्न दलों से कुल 15,718 लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्य अनुशासन और एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत करेंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेंगे।

सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
अखिलेश यादव ने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बहुजन समाज और समाजवादी विचारधारा का रिश्ता गहरा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि नए साथियों के आने से पार्टी और मजबूत होगी तथा 2027 में पीडीए की जीत को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यक्रम को “पीडीए का प्रेम प्रसार समारोह” बताते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को सभी मिलकर आगे बढ़ाएंगे।



