कानपुर में जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था पर हुआ मंथन


प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय पर जोर
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। 25 मार्च 2026 को पुलिस आयुक्त आवास पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल की अध्यक्षता में शहर के जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर में सुरक्षा, सुगमता और जनहित से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान करना रहा।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जरीब चौकी, घाटमपुर-हमीरपुर हाईवे, नौबस्ता चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यू-टर्न योजना के पुनरीक्षण और जाम से राहत के उपायों पर जोर दिया गया।
इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। पुलिस आयुक्त ने इस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और बताया कि हाल ही में चलाए गए अभियानों से इस दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी इन कार्रवाइयों की सराहना की।


बैठक में हिस्ट्रीशीटर और अपराधियों पर निगरानी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
कुछ क्षेत्रों में ऑटो चालकों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने, अधिक सवारी बैठाने और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर भी चर्चा हुई। इस पर नियमित चेकिंग और सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि छोटे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई के बजाय पहले चेतावनी दी जाए। साथ ही बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई से पहले उचित जांच सुनिश्चित करने की बात कही गई।
बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि शराब की दुकानों के आसपास अवैध दुकानों के कारण अव्यवस्था फैलती है। ऐसे स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



