त्योहारों को लेकर कानपुर देहात में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च

पुलिस की सक्रियता और गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर नियंत्रण रखा जा सके।
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को देखते हुए कानपुर देहात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने देर रात थाना अकबरपुर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की।
एसपी ने निर्देश दिए कि सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहन और ठेले तुरंत हटाए जाएं। गलत दिशा से आने वाले वाहनों पर रोक लगाई जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता और गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर नियंत्रण रखा जा सके।
यातायात नियमों के पालन को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है। क्षमता से अधिक सवारी या सामान ढोने, सड़कों पर अवैध पार्किंग, वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन और अतिरिक्त सीट लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस की सतर्कता से अपराधियों में भय और आम नागरिकों में विश्वास कायम रहेगा।



