दिल्ली को शिक्षा का अंतरराष्ट्रीय हब बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : CM रेखा गुप्ता

- सोनाली सिंह
नई दिल्ली। अंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली को न सिर्फ देश, बल्कि विदेशों के छात्रों के लिए भी शिक्षा का केंद्र बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप राजधानी में शिक्षा, कौशल विकास और चरित्र निर्माण को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उच्च शिक्षा संस्थानों के साथ-साथ स्कूली शिक्षा को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि नव-निर्मित विवेकानंद भवन आधुनिक शिक्षा, चरित्र निर्माण और कौशल विकास का प्रतीक है, जो युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
भवन के उद्घाटन समारोह में कई गणमान्यजन शामिल हुए और इसे दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।



