NEWSUttar Pradesh

भाजपा लोकतंत्र विरोधी, विपक्ष पर झूठे मुकदमे थोप रही: अखिलेश यादव

2027 चुनाव नजदीक आते ही भाजपा नेतृत्व बौखलाया, विकास के नाम पर केवल दिखावा—सपा प्रमुख

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे लोकतंत्र विरोधी और नकारात्मक सोच वाली पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और विपक्ष के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है।

बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा रही है और उन्हें धमकाने के लिए अवैध कार्रवाइयों का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, भाजपा नेतृत्व बौखला रहा है और विपक्ष को बदनाम करने में जुटा है।

एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि एआई का उपयोग खेती और जनहित के कार्यों में होना चाहिए, लेकिन भाजपा इसका इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास का कोई ठोस रोडमैप नहीं है, युवाओं के लिए रोजगार नहीं है और महंगाई लगातार बढ़ रही है।

एमओयू को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल दिखावे के लिए नकली समझौते कर रही है। कई कंपनियां बिना किसी ठोस आधार के हजारों करोड़ रुपये के एमओयू कर रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक एआई कंपनी, जो हाल ही में बनी, उससे 25 हजार करोड़ रुपये का एमओयू कर लिया गया, जबकि उसके पास कोई ठोस आधार नहीं है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में निवेश के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं और जमीनी स्तर पर कोई वास्तविक निवेश नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है, बिना कमीशन कोई काम नहीं हो रहा है, जिससे प्रदेश की छवि खराब हो रही है और ईमानदार निवेशक हतोत्साहित हो रहे हैं।

कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़े हैं और आए दिन हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के क्षेत्रों में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना प्रदेश के हित में है। सपा सरकार बनने पर प्रदेश में विकास को गति मिलेगी, ईमानदारी से जनता की सेवा होगी और भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी पर रोक लगेगी।

Related Articles

Back to top button