संगीनों के साए में झांसी रेलवे स्टेशन, सौ ट्रेनों पर कड़ा सुरक्षा पहरा

अमन कुमार
झांसी। रेलवे स्टेशनों पर अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए अब क्यूआरटी (Quick Response Team) तैनात की गई है। यह टीमें सादी वर्दी में 24 घंटे स्टेशन परिसर और ट्रेनों पर नजर रखेंगी। इसकी शुरुआत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से की गई है।
रेलवे पुलिस का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है। हर स्टेशन पर आठ जवानों की क्यूआरटी तैनात होगी, जिसकी निगरानी एक सब-इंस्पेक्टर करेंगे। ये प्रभारी सीधे जीआरपी थाना प्रभारी को रिपोर्ट करेंगे।
सौ ट्रेनों पर नजर
झांसी रेलवे जंक्शन से गुजरने वाली करीब 100 ट्रेनों में सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हर ट्रेन में स्क्वॉड टीम मौजूद है, जो यात्रियों से फॉर्म भरवाकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। झांसी अनुभाग में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगा है, हालांकि मध्य प्रदेश के कुछ स्टेशनों पर लगातार घटनाएं हो रही हैं, जिन्हें झांसी अनुभाग से जोड़कर दिखाया जाता है।
अब हर कोच में जवान और सीसीटीवी निगरानी
पहले केवल चुनिंदा गाड़ियों और रात के समय आरपीएफ-जीआरपी जवान तैनात रहते थे, लेकिन अब एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में हर समय सुरक्षा मिलेगी। हर कोच में जवान रहेंगे और इंजनों व डिब्बों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
अपराध नियंत्रण में असरदार
एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि क्यूआरटी टीम पहले ही कई अपराधियों को पकड़ने में कारगर साबित हुई है। अब इन्हें तकनीकी रूप से और मजबूत किया जा रहा है। इंटरनेट बेस्ड मॉनिटरिंग सिस्टम और एडवांस जीपीएस से लैस कर इन्हें इस तरह तैयार किया जाएगा कि किसी भी स्थान पर तुरंत पहुंचकर घटनास्थल की स्थिति नियंत्रित की जा सके।



